जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय और स्कॉस्ट जम्मू में इसी सत्र से एनसीसी विषय की पढ़ाई शुरू की जाएगी। एनसीसी अधिकारी डॉ. पंकज मेहता ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विवि में एनसीसी विषय शुरू किया जाएगा। एनसीसी केडेटों के लिए विषय पढ़ना अनिवार्य होगा, लेकिन अन्य छात्र भी इंटर वैकल्पिक तौर पर पढ़ सकेंगे। अब फील्ड वर्क के साथ थियोरी भी पढ़ाई जाएगी।
सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी या विशेषज्ञ छात्रों को पढ़ाएंगे। एक दिसंबर, 2020 को केंद्रीय विवि में वीसी प्रो. अशोक अइमा के नेतृत्व में एनसीसी कोर्स के लिए फ्लैग हैंडलिंग की थी। एक नवंबर, 2020 को एक ब्वॉयज विंग अलॉट हुई थी। डॉ. पंकज ने बताया कि केंद्रीय विवि जम्मू से 15 किलोमीटर की दूरी पर सांबा स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा है। सीमांत और दुरूह सुदूरवर्ती क्षेत्रों के उच्च शिक्षण संस्थानों में एनसीसी कोर्स करवाना मोदी सरकार का लक्ष्य है। इसी को साकार करने के लिए विवि ने अथक प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में केंद्रीय विवि के पांच एनसीसी केडेट नगरोटा कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह कैंप 18 अक्तूबर तक चलेगा। इसके अलावा शेर-ए कश्मीर कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट)जम्मू में भी इसी सत्र से यह कोर्स शुरू किया जाएगा। स्कॉस्ट जम्मू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. विक्रम ने बताया कि कोर्स शुरू करने की तैयारी कर ली है। विवि अनुदान आयोग के निर्देश के मुताबिक एनसीसी केडेटों के साथ बाकी छात्र एनसीसी पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर सकेंगे। जीजीएम साइंस कॉलेज की एनसीसी अधिकारी डॉ. अंजना ने बताया कि क्लस्टर विवि में इस सत्र से एनसीसी पाठ्यक्रम की पढ़ाई करवाने की तैयारी नहीं है, लेकिन अगले सत्र से विश्वविद्यालय के अधीन तमाम कालेजों में पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।