जम्मू। जेके स्कूल शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में सौ फीसदी इंटरनेट उपलब्ध करवाने की तैयारी कर रहा है। निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं शुरू करेगा। जिन स्कूलों में ये कक्षाएं शुरू होंगी उन्हें इंटरनेट से जोड़ा जाएगा, ताकि वर्चुअल माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जा सके। प्री-प्राइमरी के साथ-साथ विभाग अन्य स्कूलों को मार्च, 2022 तक इंटरनेट से जोड़ने की तैयारी है।
यूनेस्को की रिपोर्ट में सामने आया है की जम्मू-कश्मीर में मात्र 12 फीसदी सरकारी स्कूलों में ही इंटरनेट सुविधा है। हालांकि शिक्षा विभाग का दावा है की वर्तमान में भी 55 फीसदी स्कूलों में इंटरनेट है और इसे अब 100 फीसदी किया जाएगा। इंटरनेट सुविधा के साथ-साथ आईटीसी लैब को बढ़ाया जाएगा। रिपोर्ट में सामने आया है प्रदेश के स्कूलों में सिर्फ पांच फीसदी आईटीसी लैब हैं। कोविड के कारण स्कूल बंद थे और वर्चुअल मोड़ से पढ़ाई हो रही थी। ऐसे में विभाग सभी स्कूलों में वर्चुअल पढ़ाई को यकीनी बनाने के लिए इंटरनेट सुविधा देगा।
---
स्कूलों में वर्तमान में 55 फीसदी इंटरनेट की सुविधा है और इससे 100 फीसदी तक किया जाएगा। विभाग स्कूलों में वर्चुअल क्लासेज से पढ़ाने और इंटरनेट सुविधा मुहैया करवाने पर काम कर रहा है।
- बीके सिंह, प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग