जम्मू। पर्यटन निदेशालय की ओर से वीरवार को विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आक्ट्रॉय पोस्ट सुचेतगढ़ में मेरा जम्मू मेरे झरोखे पर फोटो प्रदर्शनी व लाइव चित्रकारी प्रतियोगिता करवाई गई। फोटो प्रदर्शनी में जम्मू संभाग के फोटोग्राफरों ने विरासत और दर्शनीय स्थलों को दर्शाने वाले तस्वीरों के अपने संग्रह को प्रदर्शित किया। चित्रकारी प्रतियोगिता जम्मू कश्मीर की प्राचीन विरासत विषय पर आधारित थी। इस विशेष दिन पर यह स्थान विशेष रूप से जम्मू के सीमा पर्यटन को उजागर करने और इसे भारत के पर्यटन मानचित्र पर लाने के उद्देश्य से चुना गया था। लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता में नरेंद्र कुमार को पहला, सुनील दत्त को दूसरा और अंकुश को तीसरा स्थान हासिल हुआ। फोटोग्राफरों में वनीका ने प्रथम, जाहवी व रीत को दूसरा व तीसरा विजेता घोषित किया गया। पर्यटन निदेशक विवेकानंद राय ने कहा कि निदेशालय ने सात जिलों में सात ट्रैक सीरीज शुरू करने की योजना बनाई है। इसमें पटनीटॉप में मानसून उत्सव, रंजीत सागर डैम बसोहली में वाटर स्पोर्ट्स उत्सव, जम्मू में 28 अगस्त को पतंग उत्सव होगा।
-------
डेंटल सर्जनों को रोजगार दे सरकार : राणा
जम्मू। नेकां के संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने प्रदेश प्रशासन को बेरोजगार डेंटल सर्जनों को रोजगार देने की दिशा में शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की। 2018 से लंबित 587 खाली पदों को भरने के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जाए। प्रदेश में सात हजार से अधिक डेंटल सर्जन बेरोजगारी की मार झेलरहे हैं। इस दौरान डेंटल सर्जन एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने राणा से मुलाकात कर अपनी मांगों को उठाया। डॉ. राहुल कौल ने बताया कि पिछले 13 वर्ष में किसी डेंटल सर्जन की नियुक्ति नहीं की गई है। इसमें जम्मू कश्मीर जन सेवा आयोग, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन और अन्य केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं में डेंटल सर्जनों को नजरअंदाज किया गया है। शिष्टमंडल में डा. मनोज शर्मा, डॉ. विपुल मिश्रा, डॉ. अरुण सिंह शामिल रहे।
--------
महंगाई पर नियंत्रण करने में सरकार विफल
जम्मू। कांग्रेस के उपाध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण रखने में विफल रही है। एलपीजी सिलिंडरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी के घर का बजट गड़बड़ा गया है। सरकार के कीमतों में वृदि के ऐसे फैसलों से जनता परेशान है। गांधीनगर विधानसभा के बाग-ए-बाहू क्षेत्र के निवासियों से चर्चा करते हुए भल्ला ने कहा कि सरकार सरकार जनता पर आर्थिक बोझ डालकर जमकर मुनाफा कमा रही है। इस दौरान जितेंद्र सिंह चिब, लतीश शर्मा, दीवान चंद, मुल्ख राज, कुंदन कुमार आदि मौजूद रहे।