जम्मू कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों में से एक अनंतनाग-राजोरी सीट से गुलाम नबी आजाद के चुनाव लड़ने की तैयारी थी। यह घोषणा डीपीएपी के कोषाध्यक्ष ताज मोहिउद्दीन ने श्रीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान की थी। लेकिन बुधवार को अचानक उनके चुनाव मैदान में न उतरने की खबर से सब हैरान रह गए। पार्टी ने उनकी जगह इस सीट से मोहम्मद सलीम पर्रे को उम्मीदवार बनाया है।
लाल सिंह को लेकर राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला पर साधा निशाना
डीपीएपी प्रमुख ने राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने जिसे गलत समझा उसे निकाल दिया, लेकिन ये तो उसे पागलों की तरह कांधों पर लिए घूम रहे हैं। इनके मुंह पर राम-राम है और बगल में छुरी है। उन्होंने आगे कहा कि तुम्हें तो शर्म नाम की कोई चीज नहीं है। चुल्लू भर पानी में डूब कर मर जाना चाहिए ऐसे नेताओं को जिन्होंने टिकट भी दी और जो उसके लिए दूसरी पार्टी वाले प्रचार भी कर रहे हैं। इन पर क्या भरोसा करें।