सेना की चेकिंग और तलाशी अभियान में आम लोगों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। नेकां विधायक देवेंद्र सिंह राणा की मांग पर संसदीय कार्य मंत्री एआर वीरी ने विधानसभा को यह आश्वासन दिया।
राणा ने नगरोटा में सेना की गोली से एक व्यक्ति के घायल हो जाने का मुद्दा उठाते हुए सरकार से आम लोगों को सुरक्षा की मांग की थी। राणा ने कहा नगरोटा में सेना की गोली से एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका नाम होशियार सिंह बताया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार डीजीपी और गृह सचिव को सेना के 16 कोर के जीओसी से संपर्क कर आम लोगों को असुविधा नहीं होने के लिए एक व्यवस्था विकसित करने की मांग की।
मंत्री वीरी ने कहा कि वह सेना के 16 कोर के जीओसी से इस बाबत बात करेंगे। सदन में मंत्री ने बताया कि सरकार को रिपोर्ट मिली है कि नगरोटा में तवी की ओर से बीती रात एक व्यक्ति सेना के कैंप में घुसने की कोशिश कर रहा था। उस पर जवानों ने गोली चलाई। वह घायल हो गया है। उसे सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
नगरोटा में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। नेकां विधायक राणा ने कहा कि सेना और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग की जानी चाहिए। इसमें पुलिस को आगे रखना चाहिए। पुलिस आम लोगों से बातचीत कर सकती है ताकि सिविलियन को कोई नुकसान नहीं हो।