जम्मू। प्रदेश में डेंगू मामलों का आंकड़ा 1201 पहुंच गया है। पारा गिरने के बावजूद डेंगू मामलों का आना जारी है। सबसे अधिक प्रभावित जिला जम्मू में डेंगू मामलों का आंकड़ा 716 पहुंच गया है। इस बीच केंद्रीय विशेषज्ञों में वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक शाजिया बफाई और केंद्रीय विशेषज्ञ महेश चंद्र कोशिक ने मंडलायुक्त डा. राघव लंगर और नगर निगम प्रशासन से मुलाकात कर डेंगू प्रबंधन पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने दिल्ली स्थित डेंगी डिवीजन की अध्यक्ष डा. कल्पना को आनलाइन जम्मू संभाग की डेंगू स्थिति की जानकारी दी।
केंद्रीय विशेषज्ञों ने नगर निगम के अधीन कुछ क्षेत्रों में डेंगू प्रबंधन का निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने डेंगू से बचाव के उपाय के बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा की। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पहले से केंद्रीय गाइडलाइन के तहत कोविड प्रबंधन पर काम किया जा रहा है। केंद्रीय विशेषज्ञों के बुधवार को दिल्ली लौटना प्रस्तावित है। जिसमें केंद्र को जम्मू संभाग के खासतौर पर जम्मू, सांबा और कठुआ प्रभावित जिलों की डेंगू रिपोर्ट दी जाएगी। पिछले कई सालों बाद जम्मू संभाग में डेंगू के रिकार्ड मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार नवंबर के आखिर में तापमान में गिरावट पर डेंगू से राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान में डेंगू के पनपने की आशंका कम हो जाती है।