जम्मू। ऑल जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस के अध्यक्ष शफीक मीर ने जम्मू कश्मीर में स्थानीय नागरिकता प्रमाण पत्र प्रणाली को बहाल करने की मांग की हैं।
शहर में बुधवार को एक पत्रकार वार्ता में शफीक ने कहा कि लद्दाख के लोगों ने एकजुट होकर पीआरसी सिस्टम के लिए संघर्ष किया है। जम्मू कश्मीर में राजनैतिक पार्टियों की उदासीनता के चलते पीआरसी सिस्टम की बहाली की मांग नहीं उठी। जनता पीआरसी वापिस चाहती है। ऑल जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस लोगों की इस मांग को जोर शोर से उठाएगा।
मीर ने कहा कि प्रदेश के जल और बिजली पर पहला हक यहां के नागरिकों का है। यहां पर्याप्त मात्रा में बिजली और पानी उपलब्ध है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को मुफ्त बिजली और जल की आपूर्ति होनी चाहिए। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए सरकारी नौकरियां भी आरक्षित होनी चाहिए। इसके अलावा वह सभी खनन ठेके रद्द होने चाहिए, जो बाहरी लोगों को दिए गए हैं। इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, शरशाद नातनू, मीराज मलिक और मोहम्मद इलियास वानी भी मौजूद रहे।