जम्मू। वसंत पंचमी पर मथवार में बाबा बल्लो देव का 709वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। कोविड नियमों का पालन करते हुए हजारो श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उधर, कटड़ा से आए हेलिकॉप्टर ने मंदिर पर पुष्प वर्षा की। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के पंडित अमीर चंद और देवस्थान के प्रमुख सेवक बाबा यशपाल शर्मा की मौजूदगी में पूजा-अर्चना करने के साथ ही हवन कर कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना की।
मथवार स्थित देवस्थान में बाबा बल्लो देव का 709वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हुआ था, जो देर शाम जारी रहा है। आयोजन में श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के पंडित अमीर चंद और देवस्थान के प्रमुख सेवक बाबा यशपाल शर्मा की मौजूदगी में पूजा अर्चना की गई। हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा के साथ देवस्थान महाराज के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान लोगों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर, डीजीपी दिलबाग सिंह, एडीजीपी मुकेश सिंह, डीसी अंशुल गर्ग आदि अधिकारी मौजूद रहे।