ज्यौड़ियां। अखिल भारतीय जाट महासभा खौड़ की तरफ से बुधवार को गांव धौंचक में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता महासभा प्रधान तरसेम सिंह चौधरी ने की। इस मौके पर क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में जाट समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में सरकार से जाटों को ओबीसी का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा गया कि हम लोग खेतों में मेहनत मजदूरी कर पूरे देश का पेट भरते हैं। सरकार की तरफ से हम लोगों को खेतीबाड़ी तक ही सीमित रखा है। हम लोग आए दिन सीमा पर होने वाली गोलाबारी का सामना करते हैं। हमारे बच्चों का भविष्य दिन पर दिन पिछड़ता जा रहा है। हम जाट समुदाय के लोग काफी अर्से से ओबीसी के दर्जे की मांग कर रहे हैं।
बैठक के अंत में महासभा के प्रधान ने कहा कि हम लोग खौड़ में अपनी ओबीसी के दर्जे की मांग को लेकर एक प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिये क्षेत्र के सभी जाट बिरादरी के लोगों को भाग लेना है। सरकार को बताना है कि हम लोग क्या कर सकते हैं। बैठक में अंकुश चौधरी, रविंद्र रंधावा, कुलबीर चौधरी, सतपाल चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।