सूने घर में लाखों रुपये के जेवरात ले जाते हुए एक युवती को पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि युवती को पकड़ते वक्त जमकर ड्रामा हुआ और इसमें पीड़ित की ही पिटाई हो गई।
मामला शहर के परेड इलाके का है। पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। पकड़ी गई युवती श्रीनगर की रहने वाली है और चोर गिरोह की सदस्य बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नितिन डोगरा के घर में दिन को कोई नहीं था। घर की महिला जब वापस आई तो उसने देखा कि ताला खुला था। अंदर से दरवाजा बंद था। उसे शक हुआ। उसने दरवाजा खटखटाया।
काफी समय बाद युवती अंदर से बाहर आई। उसे देखकर महिला हैरान रह गई। उसने तुरंत अपने देवर के बेटे को बुलाया। उन्होंने युवती को पूछा कि वह अंदर कैसे आ गई। उसने कहा कि उसके पीछे कुत्ते पड़े हुए थे। इसलिए वह घर के अंदर छिप गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। यह कहकर वह मौके से भाग गई। अंदर जाकर जब परिजनों ने देखा तो गहने गायब थे। तुरंत युवती का पीछा किया गया।
पहाड़ी मोहल्ले में युवक ने उसे पकड़ लिया, लेकिन युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने युवक को पीटना शुरू कर दिया। इतनी देर में परिवार वाले पहुंच गए और पूरी कहानी सामने आई। युवती के पास से करीब 10 लाख रुपये के गहने बरामद हुए। युवती श्रीनगर के बटमालू की रहने वाली है।