पूर्व एमएलसी टीएस वजीर की हत्या को लेकर ट्रांसपोर्टरों में रोष है। वह ऑल जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन भी थे। एसोसिएशन ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इसके लिए शुक्रवार को लखनपुर से उड़ी तक चक्का जाम किया जाएगा। एसोसिएशन ने गुरुवार को बैठक कर यह फैसला लिया।
एसोसिएशन के प्रधान विजय चिब का कहना है कि वजीर की मौत से ट्रांसपोर्ट सेक्टर को बड़ा धक्का लगा है। बीते 15 साल से अधिक समय से वजीर जम्मू के ट्रांसपोर्टरों का नेतृत्व करते रहे थे। वह लंबे समय से ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं। जिनके जाने से बड़ी क्षति पहुंची है। चिब का कहना है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए। शुक्रवार को शव जम्मू पहुंचेगा। लेकिन अभी यह तय नहीं है कि अंतिम संस्कार कब होगा।
राजनीतिक नेताओं ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीएस वजीर की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखा कि वह जब जम्मू में थे तो उनकी वजीर से मुलाकात भी हुई थी। वह एक बड़े नेता थे। उनकी मौत की खबर से बहुत दुख हुआ। श्रीनगर नगर निगम के मेेयर जुनैद मट्टू ने भी वजीर की मौत पर दुख जताया है।
भाई और परिवार दिल्ली पहुंचा, आज जम्मू लाया जाएगा शव
पूर्व एमएलसी तिरलोचन सिंह वजीर की मौत की खबर सुनकर रिश्तेदार उनके जम्मू के घर पहुंच गए हैं। हालांकि परिवार का कोई सदस्य जम्मू में नहीं है। वजीर का परिवार कनाडा में है। उनके भाई अजैब सिंह जम्मू में रहते हैं, लेकिन वह भी दिल्ली पहुंच गए हैं, यहां से शुक्रवार को शव लेकर जम्मू पहुंचेंगे। बता दें कि वजीर जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन भी थे। ऐसे में उनकी मौत की खबर सुनकर कई ट्रांसपोर्टर भी उनके घर पहुंच गए। रिश्तेदारों का कहना है कि अभी दो सितंबर को ही वह जम्मू से दिल्ली गए थे। उनको तीन सितंबर को की कनाडा फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन वह वहां पहुंचे ही नहीं और इसके बाद उनका संपर्क भी किसी से नहीं हुआ। लोग भी अभी इस पसोपेश में हैं कि मौत का क्या कारण है।
कहा था, पोती हुई है, मिलने जा रहा हूं, 15 दिन कनाडा में रहूंगा
ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान विजय चिब के अनुसार तमाम ट्रांसपोर्टर तबका पूर्व एमएलसी की मौत को लेकर स्तब्ध है। दो सितंबर को वह जम्मू से दिल्ली गए थे। जाने से पहले उन्होंने बताया था कि उनके कनाडा में रहने वाले बेटे के घर बेटी हुई है। वह उससे मिलने के लिए जा रहे हैं और अब 15 दिन तक वहीं पर रहेंगे। सभी यही सोच रहे थे कि वह कनाडा पहुंच चुके हैं, लेकिन अब उनकी मौत की खबर आई है।
यह भी पढ़ें-
हरियाणा से जम्मू पहुंचा राहुल का फैन: बोला- जब तक वो प्रधानमंत्री नहीं बन जाते...नंगे पांव रहूंगा
जानकारी के अनुसार वजीर दो सितंबर को जम्मू से दिल्ली के लिए फ्लाइट में रवाना हुए थे, जबकि सामान उन्होंने अपने निजी वाहन में भेजा। वह जम्मू से अपनी पोती के लिए कनाडा में काफी सामान लेकर जा रहे थे।