जम्मू के एक निजी स्कूल की दो छात्राओं ने शनिवार को चिनाब दरिया में कूदकर जान देने की कोशिश की। स्थानीय युवकों ने दोनों को बचाकर पुलिस को सौंप दिया। देर शाम तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।
जानकारी के अनुसार दोपहर को दोनों छात्राओं ने चिनाब के नए पुल से एक साथ छलांग लगा दी। पुलिस ने दोनों को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में पता चला कि दोनों जम्मू के एक निजी स्कूल की छात्राएं हैं।
एक कक्षा नौ और दूसरी आठवीं कक्षा में पढ़ती है। सूचना पर दोनों छात्राओं के अभिभावक भी उप जिला अस्पताल में पहुंच गए। बताया जाता है कि स्कूल में शनिवार को पीटीएम के पेपर में दोनों छात्राओं को कम अंक हासिल हुए थे। इससे दोनों क्षुब्ध थीं।
छात्राएं स्कूल से ही अखनूर चली गई थीं। छात्राओं ने आत्महत्या करने के फैसले को अपने एक सहपाठी छात्र को बताया था। सहपाठी छात्र ने इसकी जानकारी शिक्षक को दी। शिक्षक ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने छात्राओं समेत उनके अभिभावकों, स्कूल प्रिंसिपल से भी पूछताछ की है। दोनों छात्राएं सुरक्षित हैं।