जम्मू संभाग में डोडा जिले के ठाठरी पुलिस थाने के अंतर्गत गांव बोलियां चिराला में शनिवार रात एक सूने घर में सेंधमारी कर चोरों ने सामान के साथ पत्थर भी पार कर दिए। शातिरों ने गोशाला में बंधे पशु भी छोड़ दिए। घर की मालकिन सुषमा देवी ने बताया कि जब वह रविवार सुबह बेटे के साथ जानवरों को चारा डालने पहुंची तो दूसरे घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान गायब था। नया मकान बनाने के लिए जमा किए पत्थर भी चोरी हो चुके थे।
इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी के साथ ठाठरी थाने में शिकायत की। आरोप है कि मामले में पुलिस ने दिन भर कोई संज्ञान नहीं लिया। एसएचओ अमृत कटोच से जब फोन पर बात हुई तो उन्होंने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। उन्होंने पुलिस चौकी कराड़ा के प्रभारी को रिपोर्ट देने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें-
महबूबा के आरोप: तालिबान-ड्रोन और पाकिस्तान भाजपा के सियासी हथियार, योगी हैं नाकाम मुख्यमंत्री
चौकी प्रभारी बलवंत सिंह परिहार ने मोबाइल पर रिपोर्ट देने के लिए कहा, लेकिन शाम तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया था। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो रोकाली गांव में पत्थरों का ढेर मिला है। कुछ दिन पहले इसी गांव से एक व्यक्ति उनसे पत्थर देने की मांग कर रहा था और उसने जबरदस्ती पत्थर उठाने की धमकी भी दी थी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें-
मनोज सिन्हा की दो टूक: शांति की राह में रोड़ा बने तो सख्ती से निपटेगी सरकार, जानिए क्यों किया यूपी का जिक्र?
चोरी के मामले की शिकायत मिली है, कराड़ा चौकी प्रभारी को मामले की छानबीन के निर्देश दिए हैं, दूर-दराज इलाका होने के कारण जांच में देरी हुई है। मामले में जो भी आरोपी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अमृत कटोच, एसएचओ, पुलिस थाना ठाठरी