कानाचक्क थाना के अंतर्गत दयारन में शनिवार शाम को एक बेकाबू बस की टक्कर से बाइक सवार रिटायर्ड सूबेदार की मौत हो गई।
पुलिस ने लोगों की मदद से सुंदरबनी निवासी तीर्थ राम शर्मा (55) को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में पहुंचा दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सुंदरबनी निवासी तीर्थ राम शर्मा अपनी बाइक (एमएच 03 एक्स 4996) पर सवार होकर जम्मू से सुंदरबनी जा रहे थे।
जैसे ही वह दयारन पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार पुंछ रूट की बस (जेके 02 एए 2455) ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीर्थ राम बस की टक्कर से दूर जाकर गिरे और लहूलुहान हो गए।
आसपास के लोगों ने उन्हें उठाया, लेकिन उनकी हालत बहुत ही नाजुक बनी हुई थी। अफरातफरी में उन्हें जीएमसी पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। कानाचक्क पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बस को सीज कर लिया है, जबकि बस चालक का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।