किश्तवाड़ से डोडा जा रहा पुलिस वाहन शनिवार की सुबह कराड़ा में गहरी खाई में जा लुढ़की। इस हादसे में उस पर सवार पुलिस विभाग के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार डोडा जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस विभाग की गाड़ी (जेके17-2094) में सवार होकर सब इंस्पेक्टर शाम लाल, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल आस्सादुल्ला व सुभाष कुमार के अलावा मुलजिम अब्दुल लतीफ निवासी देसा किश्तवाड़ से डोडा की ओर जा रहे थे।
इस दौरान गाड़ी अभी किश्तवाड़ी जिले के ही कराड़ा इलाके में पहुंची थी कि चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और गाड़ी दरिया किनारे खाई में जा लुढ़की। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को भी सूचना दी गई। खाई में गिरी गाड़ी से पांचों को गंभीर हालत में निकाल कर डोडा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
देर शाम तक सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि सभी को गंभीर चोटें आई हैं। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है।