दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना के दौरान एक बैंक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना जिले के नीवा इलाके में हुई, जब एक आल्टो गाड़ी श्रीनगर से पुलवामा की ओर जा रही थी और रास्ते में सेना की गाड़ी के साथ उसकी टक्कर हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आल्टो गाड़ी (जेके01ए-3037) में सवार 3 लोग उस समय घायल हो गए जब उनकी गाड़ी नीवा इलाके में सेना की कैस्पर गाड़ी के साथ टकराई। इस हादसे में 3 लोग घायल हो गए, जिन्हें श्रीनगर के स्किस अस्पताल रेफरकिया गया। घायलों में से एक गंभीर रूप से घायल हुआ था जिसने बाद में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान श्रीनगर के राज बाग के रहने वाले साजिद मुश्ताक के तौर पर हुई है।
घटना के तुरंत बाद इलाके में सेना के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया, जिससे वहां हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। गुस्साए लोगों द्वारा उपद्रव मचाया गया लेकिन पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिलाने के बाद वह शांत हुए।
अन्य 2 घायलों की पहचान श्रीनगर के बेमिना इलाके के शब्बीर हसन और बागे महताब के आदिल मकबूल के तौर पर हुई है। वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना के ड्राइवर ने गाड़ी समेत
पुलिस के सामने सरेंडर किया है। गाड़ी पुलिस द्वारा कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।