कंगरेल, अखनूर में सोमवार को एक बेकाबू बस ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार कंगरेल निवासी अयोध्या नाथ (48) घायल हो गए। परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
अखनूर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। पहले इन्हें उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया।
पहले मामले में अयोध्या नाथ अपनी कार में सवार होकर अखनूर से गुजर रहे थे कि तभी एक बस को टक्कर मार दी। हादसे में अयोध्या नाथ घायल हो गए। दूसरा हादसा गांधीनगर थाना के अंतर्गत हुआ।
यहां मेटाडोर की टक्कर से बाइक सवार आरएस पुरा निवासी कमलजीत सिंह (35) जख्मी हो गया। दूसरे मामले में बाग-ए-बाहु थाना के अंतर्गत इलाके में मोटरसाइकिल स्लिप होने से वाल्मीकि कालोनी निवासी रंजीत कुमार जख्मी हो गया। मोटरसाइकिल स्लिप होने से धराप कोठे निवासी सपना घायल हो गई।
सपना किसी रिश्तेदार के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रही थी। नगरोटा थाना के अंतर्गत सिद्दड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहा मोहम्मद खान घायल हो गया।
नवाबाद थाना के अंतर्गत डोगरा चौक पर कार की टक्कर से मूलरूप से बिहार, मौजूदा ज्यूल चौक निवासी श्याम सुंदर घायल हो गए। सुंदरबनी में अज्ञात वाहन की टक्कर से नौशहरा निवासी सचिन जख्मी हो गया। अधिकतर मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।