नेशनल हाईवे से सटे बरवाल गांव के एक तालाब में ग्रेनेड मिलने से दहशत का माहौल है। ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया गया है। एचई 36 केटेगरी का यह इंडियन ग्रेनेड था।
सुबह साढ़े दस बजे तालाब के निकट गए स्थानीय निवासी ने पुलिस को ग्रेनेड मिलने की सूचना दी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। सिटी थाना प्रभारी एसएस जोहल टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच की।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुला लिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी तालाब के पास पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को खाली करवाकर पूरे तालाब के आसपास के क्षेत्र को खंगाला। दो घंटे तक पूरे इलाके को खंगालने के बाद कुछ और नहीं मिला। इसके बाद दोपहर बारह बजे ग्रेनेड को बम निरोधक दस्ते की मदद से निष्क्रिय कर दिया गया।
थाना प्रभारी एसएस जोहल ने बताया कि संभवत: मछली मारने के लिए इस ग्रेनेड का प्रयोग किया गया होगा। तालाब में पानी का स्तर नीचे जाने से ग्रेनेड बाहर दिखने लग गया था। पुलिस ने जांच में पाया कि ग्रेनेड की पिन काफी ढीली हो चुकी थी, जिसे देखते हुए इसे तुरंत निष्क्रिय करना पड़ा।
ग्रेनेड का नंबर पुलिस ने नोट कर लिया। इसकी जांच के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इंडियन आर्डिनेंस से यह जानकारी हासिल की जाएगी कि यह ग्रेनेड किसे, कब और किस यूनिट में जारी किया गया था।