मृत के शरीर में तीन गोलियां लगी
- फोटो : Demo Pic.
शनिवार सुबह पटोली ब्राह्मणा संग्रामपुर लिंक रोड पर एक व्यक्ति का गोलियों से छलनी शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे एसएसपी जम्मू सुनील गुप्ता की मौजूदगी में एफएसएल टीम और दोमाना थाना के जांच दल ने सबूत इकट्ठा किए।
हत्या का मामला दर्ज करने के बाद एसएसपी जम्मू ने टीम को प्रोफेशनल तरीके से सबूत जुटाने और केस हल करने के लिए सभी पहलुओं पर गौर करने की हिदायत दी। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोमाना पुलिस को किसी ने सूचना दी कि संग्रामपुर पटोली मार्ग पर गजे सिंह पुरा के नजदीक एक शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने इसको लेकर एसएसपी जम्मू को भी सूचित किया। शव को देखकर ही पुलिस को इस बात का एहसास हो गया कि यह एक सुनियोजित तरीके से की गई हत्या है। मौके पर देखा गया कि एक व्यक्ति जो कि औंधे मुंह नग्न अवस्था में पड़ा था। जब उसे सीधा किया गया तो पाया कि उसका मुंह उसकी पहचान छुपाने के लिए उसके कपड़े उतार कर उसके मुंह के नीचे रख जला दिया गया है।
मृतक के शरीर पर तीन गोलियों के निशान भी मिले। जो कि 7.65 एमएम की पिस्टल से फायर किए गए थे। पास से ही पुलिस को गोलियों के खाली खोल मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मृतक को पहली गोली थोड़ी दूर से मारी गई है और बाकी की दो गोलियां उसके जमीन पर गिरने के बाद मारी गई हैं।
शव को सड़क के बीच से उठा कर उसे सुए के किनारे औंधे मुंह रख उसी के कपड़े उतार कर जलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे जीएमसी शव गृह में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पहचान के लिए रख दिया है।
पुलिस अभी यह पता लगाने में लगी है कि क्या इस व्यक्ति को इस वीरान स्थान पर घेर कर मारा गया या फिर कहीं से बंधक बना कर उसे यहां लाकर मारा गया। फिलहाल दोमाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि गत महीने अखनूर थाना क्षेत्र के देवीपुर में भी एक इसी तरह का मामला सामने आया था। जिसे अभी तक सुलझाया नहीं जा सका है और न ही मृतक के बारे में कोई पता चल पाया है।