पुंछ। पुलिस ने मंगलवार को 12 घंटों के अंदर एटीएम कार्ड से धोखाधड़ी के एक मामले को सुलझाते हुए आरोपी को दबोच लिया। उससे 38 हजार रुपये भी बरामद हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे डाल दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर के समय पुंछ थाने में मोहम्मद असलम पुत्र सलाम दीन निवासी ममनकोट गांव तहसील माहोर चसाना (रियासी) ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह एसबीआई बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया था, जहां पर एक व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके कुछ समय बाद ही उसने खाते से 38 हजार रुपये भी निकाल लिए हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान एटीएम के सीसीटीवी की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान कनूईयां गांव निवासी लियाकत हुसैन के रूप में हुई। इस पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। उसके 38 हजार रुपये भी बरामद हो गए।