बाड़ी ब्राह्मणा। स्थानीय थानांतर्गत एक महिला से यौन शोषण का मामला सामने आया है। दसाल क्षेत्र की एक महिला ने सोमवार देर शाम बाड़ी ब्राह्मणा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके साथ यौन शोषण किया गया है। उसने पुलिस को बताया कि वह बाड़ी ब्राह्मणा में चल रहे जम्मू ट्रेड फेयर में सर्कस देखने गई थी। तभी वह बाथरूम गई, वहां उसके साथ एक युवक ने जबरदस्ती की। डराने और मारने की धमकी दी। उसके बाद उसने यौन शोषण किया।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए युवक को सोमवार रात को ही पकड़ लिया। वह पंजाब भागने की फिराक में था। उसकी पहचान करण सिंह निवासी बटाला पंजाब के रूप में हुई। वर्तमान में वह बाड़ी ब्राह्मणा के तेली बस्ती क्षेत्र में रह रहा है। बाड़ी ब्राह्मणा में जम्मू ट्रेड फेयर में सर्कस लगा है, उसमें झूला चलाने का काम कर रहा है। पुलिस ट्रेड फेयर के मालिक से भी इस बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जुर्म कबूल लिया है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत मिलते ही इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई की गई और आरोपी को दो घंटे के अंदर पकड़ लिया गया। आरोपी जम्मू छोड़कर भागने की फिराक में था।