जम्मू। रेलवे स्टेशन जम्मू के पास पुलिस ने एक नशा तस्कर को पिस्तौल और मैगजीन के साथ पकड़ा है। त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सुमेश्वर सिंह जमवाल उर्फ विक्की जम्मू के बन तालाब ठठर का रहने वाला है, जो अब तक उत्तर प्रदेश के मेरठ, कानपुर और बरेली से 10 देसी कट्टे लेकर जम्मू में अलग-अलग लोगों को बेच चुका है।
बुधवार को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर नाका लगाया था। आरोपी बाइक पर जा रहा था, जिसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास उक्त हथियार बरामद हुए। पूछताछ में उसने कबूला कि वह यूपी से 10 देसी कट्टे लाकर बेच चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।