दोमाना। बरनाई के गंगानगर स्थित अपने घर से सोमवार देर रात निकला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मंगलवार को उसकी स्कूटी (जेके02बीआर 0638) एसडीपीओ दोमाना ऑफिस के पास पटोली स्थित रणबीर नहर के किनारे मिली। लापता युवक शुभम डोगरा नगर निगम का कर्मचारी (निगरान) है। परिजनों ने बताया कि शुभम सोमवार रात को अपने कमरे में सोया था। मां भी वहीं सोई थी। रात करीब एक बजे वह कमरे से बाहर निकला और स्कूटी लेकर चला गया। उसने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया मां ने अंदर से दरवाजा खटखटाया। तभी शुभम के पिता दूसरे कमरे से आए और दरवाजा खोला। उन्होंने आसपास के लोगों और शुभम के दोस्तों व रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह शुभम के एक दोस्त ने पटोली में नहर किनारे उसकी स्कूटी लगी देख परिजनों को सूचित किया। जिसके बाद परिजन भी वहां पर पहुंचे। दोमाना पुलिस में शिकायत दी और नहर बंद करने के लिए कहा गया। मंगलवार दोपहर तक जब सिंचाई विभाग ने नहर बंद नहीं की तो गुस्साए परिजनों ने अखनूर रोड पर धरना देकर पुलिस और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व सरपंच सुभाष शर्मा ने बताया कि सोमवार रात से युवक लापता है। मंगलवार सुबह इसकी पुलिस को शिकायत दी, लेकिन उसे ढूंढने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। करीब एक घंटे तक रोड बंद रहने के बाद एसएचओ दोमाना महेश शर्मा ने बताया सिंचाई विभाग से बात कर जल्द ही नहर बंद कर दी जाएगी। एसएचओ के आश्वासन पर परिजनों ने रास्ता खोला। वहीं नहर से पानी सूखते अंधेरा हो गया। शाम को स्थानीय युवकों और एसडीआरएफ की टीम ने नहर के आसपास तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह फिर से एसडीआरएफ नहर से युवक की तलाश करेगी। फिलहाल दोमाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।