जम्मू। क्राइम ब्रांच ने राजोरी जिले के नौशेरा से बजनोवा पंचायत की सरपंच समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि महिला सरपंच राजपूत जाति की है, लेकिन उसने अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाणपत्र बनाया और इसके जरिए आरक्षित श्रेणी में चुनाव लड़ा और जीत गई।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी सरपंच के साथ पति विधि चंद, 2019 में रहे नौशेरा के तहसीलदार अकबर हुसैन और तब रहे पटवारी बलविंदर कुमार पर मामला दर्ज किया है। 2019 के पंचायत चुनाव में महिला सरपंच ने चुनाव लड़ा था।
बजनोवा के रहने वाले जोगिंदर सिंह ने क्राइम ब्रांच को शिकायत दी कि उसकी पत्नी शीतल ने बजनोवा पंचायत के लिए चुनाव लड़ा था। आरोपी संतोष कुमारी ने उनकी पत्नी के विरुद्ध चुनाव लड़ा और जीत गई। संतोष कुमारी राजपूत समाज से हैं और उसने एससी का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर आरक्षित श्रेणी में चुनाव लड़ा। वह अपने पति के राजस्व रिकॉर्ड में राजपूत समाज से है। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने शुुरूआती जांच मेें पाया कि सरपंच ने अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी प्रमाणपत्र हासिल किया। इसमें राजस्व अधिकारियों की भी मिलीभगत है। इस आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।