रियासी। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी बुधवार 30 मार्च से रियासी चिनाब प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरूआत होने जा रही है। हाल ही में श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में संपन्न हुई क्रिकेट प्रतियोगिता के बाद रियासी में यह दूसरी सबसे बड़ी प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को तीन लाख रुपये व उपविजेता टीम को डेढ़ लाख रुपयों का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पूरी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को इनाम के तौर पर 21 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा हर मैच में मैन ऑफ द मैच को भी नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग के अधिकारी प्रतियोगिता की शुरूआत करवायेंगे।
प्रतियोगिता करा रहे आयोजक करनदीप सिंह, सुरिंदर शर्मा, राजेश डोगरा, विकास और नरेंदर शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के साथ पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की टीमें हिस्सा लेंगी। रविवार को प्रतियोगिता के लिए की जा रही तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अगले दो दिनों तक मैदान की सजावट का काम पूरा किया जाएगा।