मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अर्जुन को सम्मानित करते हुए आयोजक।
- फोटो : REASI
रियासी। यंगस्टर क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी अर्जुन के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत तरैंथा की टीम को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।
स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी लोहड़ी कप-2022 में मंगलवार को खेले गए मैच में तरैंथा की टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 18 ओवरों के इस मैच में वाईसीसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। बल्लेबाज अर्जुन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 रनों का योगदान दिया। वहीं, बल्लेबाज राहुल ने भी 24 रन बनाए। तरैंथा के गेंदबाज संजीव और विनोद ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए तरैंथा की टीम के बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सके। और, पूरी टीम 17वें ओवर में सिर्फ 85 रनों पर ढेर हो गई। बल्लेबाज शालीन गंदोत्रा ने 24 और गौरव ने 19 रन बनाए। बल्लेबाजी के बाद अर्जुन ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया और तरैंथा के चार विकेट चटकाए। बाद में अर्जुन को मैन ऑफ द मैच दिया गया। वाईसीसी के अन्य गेंदबाज अमन ने भी तीन विकेट लिए।