जम्मू जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जम्मू में दो डॉक्टरों और एक पैरा मेडिकल चिकित्सा कर्मी सहित 42 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें 25 ट्रैवलर और बाकी अन्य वर्ग के मामले शामिल हैं। कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे शहर के सभी हिस्सों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है।
संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वाले लोग भी तेजी से इसका शिकार हो रहे हैं। शहर की क्रिश्चियन कॉलोनी में संक्रमितों के संपर्क में आने से 10 लोग कोरोना का शिकार हुए हैं। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में संक्रमण बढ़ सकता है।
बुधवार को जीएमसी के सर्जरी विभाग के एक पीजी डॉक्टर के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। जीएमसी का ही एक अन्य पैरा मेडिकल चिकित्सा कर्मी भी संक्रमित पाया गया है। इसी तरह एसएमजीएस अस्पताल के गायनी यूनिट के एक पीजी डॉक्टर संक्रमित पाया गया। इन चिकित्सा कर्मियों के संपर्क में रहने वाले लोगों की शिनाख्त की जा रही है।
इनसे सीधे संपर्क में रहने वाले कई चिकित्सा कर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। जीएमसी के आर्थो, सर्जरी, मेडिसन सहित अन्य यूनिटों के कई डॉक्टर अब तक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। चिकित्सा स्टाफ से आ रहे अधिकांश संक्रमितों को गांधीनगर कोविड सेंटर में रखा जा रहा है। इसके अलावा शहर के साथ लगते संजय नगर और मुट्ठी से एक-एक संक्रमित मामला सामने आया है। बाहू फोर्ट क्षेत्र से कांटेक्ट मामलों में पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं।
जिले में अब तक 1727 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें 743 मामले सक्रिय हैं। जिले में 958 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं हैं। अब तक जम्मू जिले में 26 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। कुल मामलों में 1105 ट्रैवलर और 622 अन्य वर्ग से हैं।