सांबा। जिले में कोरोना संक्रमितों के मामलों में फिर से बढ़ोतरी हो रही है। सिडको के कारखानों में अधिक संक्रमित आने से छह कारखानों को हॉट स्पॉट बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ संजे तुर्की की रिपोर्ट पर एडीसी सूरम चंद शर्मा द्वारा जारी आदेश में सिडको में छह कारखाने जिनमें कृष्णा नारायाण एक्सपोर्ट, कश्मीर केमिकल, बर्जर पेंट, सरस्वती इंडस्ट्री, त्रिकुटा प्लास्टिक, त्रिकु टा बोतल को हॉट स्पॉट बनाया गया है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं कि उक्त कारखानों में कर्मचारियों व श्रमिकों के सैंपल एकत्रित किए जाएं। क्षेत्र में आवाजाही पर रोक लगाई जाए। कोविड एसओपी की अवहेलना करने वालों पर मामला दायर करने के लिए पुलिस को निर्देश जारी किए गए है। तहसीलदार को भी क्षेत्र में जायजा लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।