आरएस पुरा। सोमवार दोपहर कठुआ क्षेत्र में कार दुर्घटना में मारे गए मां-बेटा सुबह हंसते खेलते परिवार के साथ घर से बधाई देने के लिए निकले थे। रास्ते में ही दोनों की दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक कमलेश कुमारी पत्नी प्रकाश चंद का बेटा दर्शन लाल गांव सीर के निवासी हैं। सोमवार सुबह कमलेश कुमारी सहित पुत्र दर्शन लाल व उसकी पत्नी बिना देवी तीन पोतियों सोनाक्षी, नम्रता व वैशाली के साथ बड़े बेटे की बेटी को बधाई देने के लिए उसके घर साझी मोड़ कठुआ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कमलेश कुमारी के बड़े बेटे की बेटी की शादी कठुआ क्षेत्र में हुई है। वह सोमवार सुबह पूरा परिवार उस बेटी के घर बच्चा होने पर उसे बधाई देने के लिए जा रहा था। तभी रास्ते में एक सड़क दुर्घटना में कमलेश कुमारी सहित पुत्र दर्शन लाल की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।
दोनों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची तो पूरे गांव में मातम छा गया। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि ऐसी दुर्घटना हो चुकी है। पड़ोसियों का कहना है कि करीब दस बजे घर से अपनी गाड़ी में वह गए थे। इसके बाद दोपहर बाद गांव में दो लोगों की मौत की खबर आई, जिसके बाद पूरे गांव में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतक दर्शन लाल तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे, जिसमें एक भाई की पहले मृत्यु हो चुकी है। अब दर्शन लाल की मृत्यु हो गई। दो लोगों की मृत्यु की खबर के बाद गांव और परिजनों में शोक की लहर है। गांव के लोग दुर्घटना की बात सुन कर सांत्वना देने परिवार के घर पहुंच रहे, लेकिन घर में कोई नहीं था।