एम्स में भर्ती मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री को कृत्रिम ऑक्सीजन दी जा रही है। एम्स चिकित्सक के मुताबिक उनकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर है।
एम्स प्रवक्ता डॉ. अमित गुप्ता ने बताया कि मुफ्ती मोहम्मद सईद अभी भी मेडिसिन विभाग के एबी8 आईसीयू में भर्ती हैं और उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि संक्रमण को खत्म करने के लिए उन्हें लगातार एंटीबायोटिक्स दी जा रहीं हैं। डॉक्टरों की एक टीम 24 घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
बुधवार को भाजपा नेता तरुण विजय ने अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम पूछा। मुफ्ती की बेटी तथा सांसद महबूबा मुफ्ती और परिवार के सदस्य लगातार दिल्ली में उनके पास हैं। रियासत के पीडीपी तथा भाजपा के कई मंत्रियों और नेताओं ने भी उनका कुशलक्षेम पूछा है।
रियासत के डिप्टी सीएम डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि डाक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। परिवार के सदस्य साथ में हैं। ज्ञात हो कि मुफ्ती को 24 दिसंबर को श्रीनगर से ले जाकर एम्स में दाखिल कराया गया था।
उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था, लेकिन, फिर से ठंड की शिकायत पर उन्हें रविवार की देर रात आईसीयू में भर्ती कराया गया।