पाकिस्तान ने एक बार फिर से नापाक हरकत की है। पाकिस्तानी सेना ने पुंछ में मेंढर सेक्टर के सोनागली इलाके में सीजफायर का उल्लंघन किया है। फिलहाल भारतीय सेना ने भी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
कई दिनों की खामोशी के बाद बुधवार को एक बार फिर पाकिस्तान ने मेंढर सब डिवीजन में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बालाकोट से मनकोट तक नियंत्रण रेखा पर सेना की चौकियों और रिहाइशी इलाकों पर मोर्टार दागे। शाम को शुरू हुई गोलाबारी देर रात तक जारी थी। सेना के जवान पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम करीब चार बजे पाकिस्तानी सेना ने जिले के मेंढर सब डिवीजन में कृष्णा घाटी बिग्रेड के अधीनस्थ सोनागली में तैनात सेना की पांच महार रेजीमेंट की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना ने पहले हल्के हथियारों और कुछ समय बाद मोर्टारों से गोलाबारी शुरू कर दी। सेना ने भी उसी क्रम में जवाब देना शुरू कर दिया।
करीब पांच बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन में बालाकोट से लेकर मनकोट तक के करीब 55 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों और रिहाइशी इलाकों पर गोले दागने शुरू कर दिए। सेना की तरफ से भी लगातार जवाब दिया जा रहा है।
गोलाबारी इतनी जबरदस्त है कि धमाकों की आवाजें पुंछ नगर में सुनाई दे रही है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पिछले तीन चार दिनों से जिले में जारी बर्फबारी और वर्षा की आड़ में पाकिस्तानी सेना की तरफ से आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराने के लिए इस गोलाबारी की नापाक हरकत को अंजाम दिया जा रहा है।