मीरां साहिब। कोरोना के चलते प्रशासन की ओर से शाम सात बजे तक दुकानें बंद करने के समय में बढ़ोतरी नहीं किए जाने से दुकानदारों में रोष है। उनकी मांग है कि दुकान खोलने के समय में बढ़ोतरी की जाए।
मीरां साहिब बाजार कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि सात बजे बाजार बंद करने पर दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। पहले से कारोबार ठप होने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों गर्मी के चलते दोपहर को बाजार में काफी कम लोग ही आते हैं। शाम सात बजे दुकान बंद करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक दिक्कत शाम को रेहड़ी फड़ी लगाने वालों को उठानी पड़ रही है। शाम को चिकन की रेहड़ी लगाने वाले रतन लाल ने कहा कि कोरोना के चलते कई माह से रेहड़ी नहीं लगा पा रहे। शाम के समय रेहडी पर काम होता है और पुलिस सात बजे के बाद रेहड़ी नहीं लगाने देती। उन्होंने कहा कि कई बड़े रेस्टोरेंट देर रात खुले रहते हैं। पुलिस द्वारा लगी रेहड़ियां व फड़ियां बंद कराने पर उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रात दस बजे तक का समय तय किए जाने के लिए प्रशासन से मांग की।