जम्मू। जम्मू के जाने माने व्यवसायी, चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे वाईवी शर्मा बुधवार को समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हो गए।
पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा व अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में वाईवी शर्मा का भाजपा में स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र व समाज की सेवा के लिए वर्तमान समय में भाजपा से बेहतर और कोई दल नहीं है। जम्मू के हित के लिए वाईवी शर्मा की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। जम्मू में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने के लिए हुए संघर्ष में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
जम्मू कश्मीर के लोगों का भाजपा में विश्वास बढ़ा हैं। कुछ अरसे से ही विभिन्न दलों के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा ही सरकार का गठन करेगी। भाजपा के प्रयासों से ही महाजन, खत्री व सिखों को कृषि भूमि की खरीद फरोख्त का अधिकार मिला है। आश्वासन देना चाहते हैं कि अप्सरा रोड गांधीनगर के निवासियों के साथ भी कोई अन्याय नहीं होने देंगे।
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना की सराहना करते हुए कहा कि उनके समाज में अच्छे व्यवहार से प्रेरित होकर भी कई प्रमुुख नागरिक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। शर्मा ने कहा भाजपा और मोदी सरकार के जन हित व राष्ट्र हित में किए गए कार्यों से देश के ज्यादातर नागरिक खुश हैं। वह भाजपा में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।
वाई वी शर्मा ने आश्वासन दिया कि वह पार्टी के सिद्धांतों पर चलते हुए संगठन को मजबूत करने और व्यापारियो के हितों के लिए भी काम करते रहेंगे। इस अवसर पर प्रमुख व्यवासियों में टीआर गुप्ता, ओंकार नाथ शर्मा, यशपाल गुप्ता, दिनेश कौल और सुभाष भी मौजूद रहे।