श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बुधवार को सीआरपीएफ के बंकर पर आतंकियों के ग्रेनेड हमले में पुलिसकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एसएसएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, बुधवार शाम करीब 6.40 बजे आतंकियों ने श्रीनगर के अली मस्जिद ईदगाह इलाके में स्थित सीआरपीएफ की 161 वीं बटालियन के बंकर पर ग्रेनेड फेंका, जो सड़क किनारे फट गया। हमले में श्रीनगर निवासी एजाज अहमद भट नाम का एक नागरिक और नरवारा ईदगाह निवासी एक पुलिस कांस्टेबल सज्जाद अहमद विस्फोट में घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल फिलहाल छुट्टी पर है।
इससे पहले आतंकियों ने सोमवार को डाउनटाउन इलाके के बोरी कदल में कश्मीरी पंडित की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन बांदीपोरा निवासी निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने इब्राहिम को निशाना बनाकर करीब से फायरिंग की। रविवार को एसडी कालोनी इलाके में आतंकियों ने पुलिसकर्मी तौसीफ अहमद (29) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में तैनात थे।
टारगेट किलिंग पर रोक लगाने के लिए सीआरपीएफ की पांच अन्य कंपनियां होंगी तैनात
घाटी में लगातार हो रही हत्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार कश्मीर में सीआरपीएफ की पांच और कंपनियां तैनात करने जा रही है। ये कंपनियां एक सप्ताह के भीतर तैनात हो जाएंगी। इससे पहले अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त 50 कंपनियां भेजी जा चुकी हैं। धरातल पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी दिखाने की रणनीति के तहत अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा हालात की समीक्षा की। उन्होंने हिदायत दी कि घाटी में हत्याएं हर हाल में रुकनी चाहिए। आम लोगों में सुरक्षा का माहौल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सीमा पार से अशांति फैलाने की नापाक साजिशों को हर हाल में नाकाम करें।