भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को विस्तारक वर्ग का समापन हो गया। करीब 125 लोगों ने विस्तारक के तौर पर एक साल पार्टी को पूर्ण कालिक कार्यकर्ता के रूप देने का संकल्प लिया। प्रदेश महासचिव डॉ. देवेंद्र मनेयाल के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के मिशन 50 प्लस को पूरा करने के लिए विस्तारक विधानसभा क्षेत्रों में काम करेंगे और अपनी रिपोर्ट सीधे प्रदेश नेतृत्व को देंगे।
विज्ञापन
इससे जमीनी स्तर पर कमियों को दूर कर संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना की मौजूदगी में भाजयुमो की तरफ से पार्टी मुख्यालय में आयोजित किए गए कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रजत सिंह मन्हास अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हुए।
रवींद्र रैना ने मन्हास व उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को ओर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव के बाद जम्मू कश्मीर में भाजपा सरकार का गठन करेगी। ऐसा पूर्ण विश्वास है। कार्यक्रम में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अरुण प्रभात व अन्य मौजूद रहे।