कश्मीर में टारगेट किलिंग से लेकर जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने तक के मुद्दे पर भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में मंथन हुआ। सोमवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन राजनीतिक तथा सुरक्षा परिदृश्य से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया गया। इसे मंगलवार को पास किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में सोमवार को हुई दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन विभिन्न प्रस्तावों पर पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा के साथ सुझाव लिए गए। इसमें प्रमुख रूप से राजनीतिक और सुरक्षा परिदृश्य, चुनौतियों और भविष्य योजनाओं पर बात की गई। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति योजना पर चर्चा की गई। इन प्रस्तावों को मंगलवार को सरोर स्थित अखिलेश फार्म में दूसरे दिन की बैठक में रखा जाएगा। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव में जम्मू कश्मीर में भाजपा की अपनी सरकार बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
भाजपा पहले ही 50 प्लस के मिशन पर काम कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रयिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। जम्मू कश्मीर में विकास की गति में केंद्र की उपलब्धियों का जिक्र किया गया। इसके साथ सुरक्षा के मौजूदा हालात और कश्मीर में सामान्य हालात की बहाली से जुड़े मुद्दों पर बात की गई।
प्रस्ताव में भविष्य की योजना के लिए जम्मू कश्मीर में सुरक्षा को और बेहतर बनाने पर काम करने पर जोर दिया गया। बैठक में भाजपा सह प्रभारी आशीष सूद, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा, सत शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, विबोध गुप्ता, देवेंद्र मनियाल, अशोक कौल आदि मौजूद रहे।
50 प्लस के साथ जम्मू-कश्मीर में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा : रैना
जम्मू। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने सीटों पर इशारा करते हुए कहा कि अब की बार 50 प्लस के लक्ष्य को हासिल करना है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा, लेकिन इस मिशनरी भाव के मिशन को धरातल पर लाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को और मेहनत करनी होगी। रैना सोमवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में स्व. वैद विष्णु दत्त सभागार में दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे।