रामगढ़ क्षेत्र के सीमावर्ती गांव में बिजली के इंतजार में बैठे किसान।
रामगढ़। बिजली कटौती से सीमावर्ती गांव बारोट कैंप, कमोर, पखडी, कमोर कैंप, चक पार्स, रंगूर, नंगा, जसोचक, अबताल, चक सलारीया, रडमा, रमलू, मालशाह, और अन्य गांव के किसानों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में एक घंटे में कई बार बिजली आती जाती है। इसका कोई समय नहीं रहा है।
इससे हमें बहुत परेशानी हो रही है। हमारे घरों में आए मजदूर ऐसे बैठे हैं। खेतों में पानी नहीं हो रहा है। वहीं स्थानीय किसान बलविंदर सिंह, दर्शन सिंह, काका चौधरी मोहिंदर सिंह, रामलाल का कहना है कि क्षेत्र में इस समय धान की फसल की रोपाई का काम चल रहा है। बिजली विभाग पूरी तरह से फेल हो चुका है। अघोषित कटौती से हमारे खेतों में पानी नहीं हो पा रहा है। किसानों को चिंता सता रही है कि धान की फसल की रोपाई नहीं हो पाएगी। अगर इसी तरह से बिजली की कटौती जारी रही तो हम सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। संवाद