जम्मू। जीवन शैली में बदलाव लाकर हम हृदय रोगों से बच सकते हैं। स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ दिनचर्या, आहार प्राथमिकताएं और शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। बीड़ी, सिगरेट, शराब और तंबाकू के सेवन से हृदय से जुड़ी कई बीमारियां घेर लेतीं है, इनसे बचें। यह संदेश बुधवार को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू के कार्डियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. सुशील शर्मा ने विश्व हृदय दिवस पर निकाली गई वॉकथान के समापन समारोह में दिया। बिक्रम चौक से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक निकाली गई इस वॉकथान में सभी वर्ग के लोगों ने शामिल होकर हृदय रोगों से बचाव पर जागरूक किया। प्रतिभागियों ने कई पंफ्लेट पकड़ रखे थे।
वॉकथान में कोविड एसओपी के तहत प्रतिभागी विभिन्न रूटों से निकले, जिसमें लोगों को अपने दिल को स्वस्थ रखने के लिए जागरूक किया गया। इस वर्ष विश्व हृदय दिवस का विषय ‘हर दिल को जोड़ने के लिए दिल का उपयोग करें’ रखा गया था। डॉ. शर्मा ने कहा कि तंबाकू का सेवन, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, धूम्रपान, शारीरिक निष्क्रियता आदि कारणों से हृदय रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। हृदय रोगों से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने को सभी वर्ग के लोग योगदान दें।
-----
निर्धारित समय से पहले एम्स काम करना शुरू करेगा : डॉ. शशि
वॉकथान में पहुंचे एम्स जम्मू के निदेशक डॉ. शशि गुप्ता ने कहा कि एम्स निर्धारित समय से पहले काम करना शुरू कर देगा। इसमें जम्मू के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं एक मिशन के तहत प्रदान की जाएंगी। वह यहां के लोगों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के मिशन के साथ आए हैं। वॉकथान में डॉ. मोहन लाल, डॉ. गुरजीत सिंह, डॉ. अरविंद कोहली, डॉ. नासिर अली चौधरी, चैंबर प्रधान अरुण गुप्ता, डॉ. राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।