सेना ने एक मेजर रैंक के अधिकारी के खिलाफ कोर्ट ऑफ इंक्वायरी शुरू की है, जिसने कथित तौर पर सैनिकों पर गोलीबारी की थी और एक शिविर के अंदर ग्रेनेड विस्फोट किया था। जम्मू संभाग के राजोरी जिले में अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राजोरी के थानामंडी के पास नीली चौकी पर गुरुवार को हुई घटना में तीन अधिकारियों सहित कम से कम पांच कर्मी घायल हो गए। कड़ी मशक्कत के बाद रात 11 बजे आरोपी को पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर स्थिति का जायजा लेने के लिए सेना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है और घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मेजर रैंक के सैन्य अधिकारी ने गुरुवार को शूटिंग अभ्यास सत्र के दौरान बिना उकसावे के अपने सहयोगियों पर गोलियां चला दीं और फिर यूनिट के शस्त्रागार में जा कर छिप गया। जब कमांडिंग ऑफिसर, अपने डिप्टी और मेडिकल ऑफिसर के साथ उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने के प्रयास में इमारत के पास पहुंचे, तो उन्होंने ग्रेनेड फेंके।
इसमें तीनों अधिकारी घायल हो गए। यूनिट के सेकेंड-इन-कमांड की हालत गंभीर बताई गई है। आरोपी अधिकारी को शस्त्रागार के अंदर काबू करने से पहले करीब आठ घंटे तक स्थिति काफी तनावपूर्ण रही। सेना ने एहतियात के तौर पर शस्त्रागार के नजदीक के एक गांव को खाली करा लिया।