जंस्कार नदी में ग्लेशियर से बनी कृत्रिम झील फटने से लद्दाख में लेह के रुंबक क्षेत्र में बाढ़ आ गई। रविवार तड़के मची तबाही में रुंबक पुल, आसपास के गांवों को जाने वाली चार मुख्य सड़कें और बड़े पैमाने पर फसलें बह गईं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने एनएचपीसी की निमो बाजगो बिजली परियोजना के निचले क्षेत्र में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। लोगाें से भी कहा गया है कि सिंधु नदी में कभी भी बाढ़ आ सकती है। आपदा प्रबंधन की टीमें फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने समेत सड़क संपर्क बहाली में जुट गई हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लेह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनम चोसजोर ने बताया कि रुंबक गांव के पास जंस्कार नदी में कृत्रिम झील बन गई थी, जिसके अचानक फटने से बाढ़ आ गई। रविवार तड़के पानी का बहाव इतना तेज था कि रुंबक पुल समेत कई गांवों में लगी फसलों और सड़कों को बहा ले गया।
रुंबक, जिंगचेन, युरुसे और रुमचुंग को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले सड़क संपर्क कट गए हैं। अधिकारी ने बताया कि एनएचपीसी निमो बाजगो परियोजना के मुख्य अभियंता, लिकर व खल्सी के एसडीएम को अलर्ट किया गया है। सिंधु नदी में बाढ़ आ सकती है, जिसके लिए लोगाें को पहले ही सावधान किया गया है।
यह भी पढ़ें-
ऑपरेशन नागबेरन की कहानी: जनजातीय महिलाओं का शारीरिक उत्पीड़न करते थे आतंकी, दुर्गम इलाके में ऐसे मारे गए