परगवाल में कंवाईन मशीन धान की कटाई करते हुए
परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में किसान धान की फसल को समेटने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि अपनी जमीन को खाली करने और फसल से कुछ तो हासिल होने के इरादे से वह धान की कटाई में जुटे हैं।
स्थानीय किसान सुखदेव सिंह ने कहा कि एक तो कुदरत ने उनकी छह माह की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तो दूसरा महंगाई के इस दौर में धान की कटाई कराने पर भी उनको कई बार सोचना पड़ रहा है। क्योंकि बारिश और ओले से उनकी बासमती के ज्यादातर दाने बचे ही नहीं हैं। किसान अजय सिंह ने कहा कि ओले से उनकी धान की फसल काफी प्रभावित हुई थी। श्रमिक कटाई के लिए करीब सात से आठ हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से भुगतान की मांग कर रहे हैं। इसलिए वह कंबाइन मशीन से ही कटाई करा रहे हैं। क्योंकि मशीन से कटवाई कराने से पैसे की भी बचत के साथ-साथ समय की बचत भी होती है। उनका कहना था कि किसानों पर कुदरती मार के बाद अब महंगाई की मार भी पड़ रही है।