फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनभर उपजिले में बिजली विभाग के खिलाफ लोगो ने किया विरोध- प्रदर्शन

विज्ञापन
मीरां साहिव वजार कमेटी के प्रतिनिधि ग्रिड स्टेशन पर ताला लगाते हुए - फोटो : RSPURA
विज्ञापन
आरएस पुरा। उपजिले में बुधवार को कस्बों सहित पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा की जा रही अघोषित कटौती को लेकर विरोध-प्रदर्शन करने के साथ मीरां साहिब व आरएस बाजार एसोसिएशन के सदस्यों ने ग्रिड स्टेशनों का घेराव कर वहां ताले लगाए।
विज्ञापन

बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा के नेतृत्व में अघोषित कटौती के लिए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से 24 घंटों में मात्र 6 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। गर्मी शुरू होते ही कई दिन से लग रहे कट से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के उच्च अधिकारी आश्वासन देने के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और बिजली विभाग को आगाह किया कि अगर जल्द से जल्द बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आरएस पुरा को जम्मू मुख्य सड़क जाम कर विरोध करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
वहीं मीरां साहिब बाजार कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में मीरां साहिब दरसोपुुर में 132 केवी के ग्रिड स्टेशन में पहुंच ताला लगाए जाने के साथ बिजली विभाग व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। चौधरी ने कहा कि पड़ रही गर्मी से बच्चों व बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा। वहीं दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। पीपल सेक्युलर फोरम के प्रधान कुंदन लाल शर्मा का कहना है कि इस समय केंद्र शासित प्रदेश में ऐसा लग रहा है जैसे आपातकाल लगा है। कोई पूछने वाला नहीं। राज्य में बिजली का संकट गहराए जाने पर सरकार क्या कर रही। सरकार को चाहिए कि बिजली आपूर्ति नियमित करने के लिए कारगर कदम उठाए जाते पर ऐसा नहीं किया गया।
विज्ञापन

----------
पूर्व सरपंच के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
मीरां साहिब। कस्बे में स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में मरालिया पंचायत के पूर्व सरपंच कामरेड किशोर कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली सेवा चरमराए होने पर जम्मू-कश्मीर सरकार क्या कर रही थी। लोगों का इस गर्मी में जीना मुहाल है। 24 घंटों में पांच-छह घंटे बिजली आपूर्ति हो रही। पूर्व सरपंच किशोर कुमार ने कहा कि इस समय केंद्र सरकार के अधीन जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश होने पर लोगों की दिक्कतों का समाधान किया जाना चाहिए, पर अनदेखी के सिवाय कुछ नहीं किया जा रहा। इस दौरान समाजसेवी दीवक शर्मा, सेवानिवृत्त सुबेदार बाबा राम, सुनील डोगरा, प्रविण कुमार, राकेश खजूरिया आदि मौजूद रहे।
बिजली कटौती से ज्यौड़ियां के लोग परेशान
ज्यौड़ियां। अघोषित बिजली कटौती के कारण तहसील में हाहाकार है। हर कोई बिजली विभाग, केंद्र सरकार तथा शासन को कोसता नजर आ रहा है। ज्यौड़ियां की जनता परेशान है। इसका संज्ञान लेते हुए बुधवार को ज्वाइंट एक्शन कमेटी छंब-ज्यौड़ियां की तरफ से बैठक की गई।
बैठक की अध्यक्षता पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी छंब ज्यौड़ियां के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारती ने की। बैठक में उपस्थित लोगों ने विचार रखे, जिसमें कमेटी के सलाहकार अशोक कुमार ने कहा कि जबसे केंद्र सरकार ने प्रदेश से पूर्ण राज्य का दर्जा छीनकर अपने अधीन किया है। तब से बिजली ही नहीं हर चीज के लिए हाहाकार मचा है। सभी परेशान हैं, सुनने वाला कोई नहीं है। कमेटी के सचिव व पूर्व पार्षद प्रभु दयाल शर्मा ने कहा कि मौजूद समय में सरकार की नीतियों के चलते व्यापारी वर्ग में हताशा छाई हुई है। व्यापार हाशिए पर चला गया है। अघोषित बिजली कटौती के कारण उन व्यापारियों की कमर टूट चुकी है, जिनका पूरा कार्य बिजली पर निर्धारित है। यही हाल रहा तो सब को फाकाकशी का शिकार होना पड़ सकता हैं।
कमेटी के उपप्रधान एवं नायब सरपंच अनिल कुमार (राकी शाह) ने कहा कि नेताओं की बयानबाजी मात्र छलावा है। भाजपा राज में अन्नी पीऐ दी, तै कुती चट्टा दी।
बाबा भारती ने कहा कि जीवन-यापन अति दुश्वार हो गया है, कोरोना की मार से उभरते ही बिजली की मार, खनन माफिया की मार, महंगाई की मार, कस्बा ज्यौड़ियां को तो कनेक्टिविटी और भेदभाव की भी मार से भी रूबरू होना पड़ रहा है, आखिर जनता-जनार्दन का रोष एक दिन निकलेगा, पता नहीं रोष किस पर भारी पड़ेगा। ज्यौड़ियां को विकसित करने के सारे रास्ते बंद पड़े हैं। जल्द ज्यौड़ियां क्षेत्र में पब्लिक में मुशायरा कर गंभीर चिंतन कर निष्कर्ष निकाल कर उचित कदम उठाया जाएगा।
बिजली विभाग के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
विजयपुर। कांग्रेस नेता एवं ब्लाक प्रधान रघुबीर सिंह बागल के नेतृत्व में बुधवार को राया सुचानी में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र में बिजली की भारी कटौती चल रही है। विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बिजली आपूर्ति में जल्द से जल्द नियमित की जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण पानी की भी किल्लत चल रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों को यह मालूम होता है कि गर्मी में बिजली किल्लत बढ़ जातीहै लेकिन उसके बाद भी वह तैयारी नहीं करके रखता। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि बिजली कटौती बंद की जाए। संवाद
बिजली कटौती से पानी के लिए हाहाकार
सांबा। बढ़ रही गर्मी के साथ ही बिजली कटौती के चलते पानी के लिए भी हाहाकार है। बिजली का कटौती का कोई समय निर्धारित नहीं होने पर जल शक्ति विभाग के पंप नहीं चल पा रहे हैं। इससे पानी की किल्ल्त बन रही है।
पार्षद रवि खजूरिया, इंदु जमवाल, कुमेर सिंह ने बताया कि बिजली की अघोषित कटौती के चलते कस्बे में पानी के लिए हाहाकार है। पहले से ही पानी की आपूर्ति तीन व चार दिन बाद की जाती थी। अब बिजली की कटौती कारण पांच व छह दिन बाद पानी की आपूर्ति मिल रही है। उन्होंने बताया गत वर्ष 2020 में केंद्र सरकार की योजना माई टाउन माई प्राइड के तहत उन्होंने कस्बे में ओवर हैड टैंक बनाए जाने की मांग रखी थी। तब के नोडल अधिकारी ने भी इस मांग के समाधान का भरोसा दिलाया था। आज तक कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। हालांकि बसंतर दरिया पर फिल्ट्रेशन प्लांट की इमारत बन चुकी है, लेकिन मशीनरी नहीं लगाई जा सकी है।
उनके अनुसार कस्बे में ट्यूबवेल के पानी की ही आपूर्ति की जाती है। बिजली नहीं होने से ट्यूबवेल के पंप सेट नहीं चलने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग उठाई है कि कस्बे में पानी की आपूर्ति को सुचारु बनाया जाए। ताकि गर्मी में आम लोग पानी को लेकर सड़कों पर उतरने पर मजबूर न हों। इसी सिलसिले में वह उपायुक्त से भी मिले हैं व उन्हें भी पानी की आपूर्ति के बारे में अवगत कराया है।
बिना बिजली के जीना मुहाल
ज्यौड़ियां। खौड़ तथा ज्यौड़ियां क्षेत्र में दो माह से बिजली की कटौती तथा लोवोल्टेज का लोग सामना कर रहे हैं। बिना बिजली के उनका जीना मुहाल हो गया है। इससे गुस्साए लोगों ने बुधवार को आम आदमी पार्टी के सहयोग से खौड़ तहसील कार्यालय के सामने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी नेता देवेंद्र सिंह भाऊ ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर हम लोग बिजली बिल का भुगतान हर माह कर रहे हैं तो फिर हमें बिजली उपलब्ध क्यों हो रही है। हम लोग अब चुप नहीं बैठेंगे। भाजपा हमें सिर्फ लालीपॉप दे रही है। यह सरकार जनहित की नहीं है। प्रदर्शन में म्यूनिसिपल कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार शर्मा, व्यापार मंडल के प्रधान सतीश रैना, डीएल राधा, नायब सरपंच बच्चन लाल, मनजीत सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर रमेश शर्मा आदि शामिल रहे। संवाद
पारे में भारी उछाल, तंदूर की तरह तपती रही क्षेत्र की सड़कें
विद्युत आपूर्ति में मामूली सी राहत
अरनिया। पारे में भारी उछल आने से बुधवार को सारा दिन जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। वहीं क्षेत्र की सड़कें भी तंदूर की तरह तपती रहीं। बुधवार सुबह साढ़े दस बजे के बाद अचानक तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई। बारह बजे के बाद पारा उछल कर 42 डिग्री सेल्सिय्स के पार पहुंच गया।
वहीं पारे में भारी उछाल आने से क्षेत्र सड़कें किसी तंदूर की तरह तपती रहीं, जिससे सारा दिन जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। सुबह ग्यारह बजे के बाद ही सड़कों व गलियों में सन्नाटा पसरना शुरू हो गया। जो शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। दूसरी ओर बीते कई दिन से बिजली की अघोषित कटौती की मार झेल रहे क्षेत्र के लोगों को बुधवार को मामूली राहत जरूर मिली। मगर मंगलवार की रात को भी कटौती का सितम जारी रहा। जो सुबह साढ़े सात बजे तक रहा और उसके बाद लगातार तीन घंटों तक विद्युत आपूर्ति बहाल रही।
लोगों के अनुसार करीब दो सप्ताह से अधिक समय के बाद बुधवार को इनवर्टर की बैटरियां चार्ज हुई हैं।
ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ 30 को करेंगे सड़क जाम
ज्यौड़ियां। पूर्व सैनिक व समाजसेवी चुननी लाल शर्मा ने गांव चक मलाल में बुधवार को ग्रामीणों के साथ एक बैठक कर क्षेत्र में बिजली कटौती के खिलाफ 30 अप्रैल को सड़क जाम कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। चुननी लाल ने बताया कि हम लोगों को बिजली की आंख मिचौनी ने परेशान करके रख दिया है। अब हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। हम इस विषय में 29 अप्रैल को एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। संवाद
पंचायत कांफ्रेंस ने आरएस पुरा-जम्मू मार्ग किया अवरुद्ध
आरएस पुरा। ऑल जम्मू-कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस की तरफ से बुधवार को गांव कुल्लिया में प्रेसवार्ता कर सरकार को चेतावनी दी गई कि अगर एक-दो दिन में के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं लाया गया तो पंचायत कांफ्रेंस की तरफ से आरएस पुरा-जम्मू मार्ग अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कान्फ्रेंस के प्रदेश महासचिव तथा सरपंच सरदार रविंदर सिंह, सरपंच अश्वनी कुमार तथा सरपंच हरबंस लाल ने कहा कि जिला जम्मू के शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मात्र कुछ घंटे ही बिजली नसीब हो रही है, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने पर बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा। 24 घंटे में मात्र 5 घंटे ही लोगों को बिजली नसीब हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से लोगों को नहीं मिली तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें