पौनी। चोरों ने बपौनी में चोरी की छह वारदात के बाद दुकानदारों में आक्रोश है। चोर यहां फिर से अपनी उपस्थिति को दर्शाते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सभी चोरियों का पता दुकानदारों के सुबह दुकान खोलने आने पर चला। चोरी की एक साथ छह वारदातों के घटित होने के बाद स्थानीय दुकानदारों में गुस्सा तथा आक्रोश पनप गया है। इसमें शुक्रवार को मुख्य चौक को बंद कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह मोबाइल फोन शॉप, ढाबा व रेेडीमेड़ कपड़ों की दुकान करने वाले दुकानदार दुकानों पर पहुंचे। उन्होंने अपनी-अपनी दुकानों के शटर में लगे ताले टूटे देखे। चोरी की वारदात की आशंका को भांपतेे हुए सभी ने आसपास के दुकानदारों को बताया। इसके साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी। दुकानदार रमेश कुमार की दुकान से चोर लगभग ढाई लाख रुपये की कीमत के मोबाइल, विमल शर्मा की दुकान से बिजली के तारों के बंडल व पूजा में रखी गई नकदी, रामी शाह हलवाई की दुकान से लगभग पांच हजार रुपये के सिक्के, सूरज की दुकान से रेडीमेड कपड़े चोरी किए गए।
इसके साथ ही दुकानदार नन्नू व इशर दास की दुकान से भी चोरों ने कीमती सामान उड़ाया। वारदात के बाद दुकानदारों ने मार्ग बंद कर धरना दिया। एसएचओ राजेश गौतम के मौके पर पहुंचने पर उनसे लोगों की काफी बहस बाजी हुई। बाद में डीएसपी हेडक्वार्टर इफ्तिकार अहमद ने मौके पर पहुंच कर लोगों से बात की। इस दौरान लोग चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग पर अड़े रहे। इन छह चोरियों के साथ ही बीते दो माह में हुई चोरी की अन्य वारदातों का पता लगाने को कहा।
डीएसपी ने कहा कि तीन दिन के भीतर चोरी की वारदात में शामिल लोगों का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने को कहा।
--------------
बाक्स नंबर एक
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पौनी में वीरवार की रात को चोरी की इन वारदातों के बाद लोगों व दुकानदारों में गुस्सा तो पनपा ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी चोरी की वारदातों के विरोध में सड़कों पर उतर आए। उन्होंने लोगों के साथ बैठ कर धरना दिया। धरने में डीडीसी सदस्य पौनी रीता शर्मा, डीडीसी सदस्य पौनी-ए केवल कृष्ण शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष पवन कुमार बनाथिया, सरपंच संजीव शर्मा, प्रकाश सिंह, अनिल शर्मा, पंच दीदार सिंह व विकास गंडोतरा, भाजपा नेता अजीत राम बड़गोत्रा व अजय सेठ ने चोरी की एक साथ छह वारदातों की निंदा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
---------
बाक्स नंबर दो
पहले की वारदातों को हल करने की मांग
पौनी में एक साथ हुई चोरी की छह वारदातों से पहले भी चोर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को दर्शा चुके हैं। दो महीनों के भीतर चोरों ने एक दुकान से बैटरी चुराई थी। इसके साथ ही मुख्य बाजार में भी चोरी की थी। हायर सेकेंडरी स्कूल भारख में भी चोरों ने वहां पर रखी हुई दस बैटरी को चुरा लिया था। स्थानीय लोग चोरी की इन वारदातों को भी हल करने की मांग कर अड़े रहे।
------
बाक्स नंबर तीन
यात्री वाहनों के पहियों को भी रोकना पड़ा
पौनी में हुई चोरी की वारदातों के बाद मुख्य सड़क मार्ग को बंद किए जाने का असर श्री शिवखोड़ी धाम में आने जाने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ा। मुख्य चौक को बंद कर दिए जाने के बाद रियासी तथा भांवला, रनसू से आने वाले यात्री वाहनों के पहियों को भी रोकना पड़ा। इस दौरान जो लोग आसपास के क्षेत्रों से आए थे, उन्होंने पैदल चल कर अपना सफर तय करना उचित समझा। कटड़ा से शिवखोड़ी आने जाने वाले यात्री अपने-अपने वाहनों में बैठकर मार्ग के खुलने का इंतजार करते रहे। हालांकि इस दौरान मुख्य बाजार के खुला रहने से उनको खाने पीने की कोई समस्या नहीं आई।