बिश्नाह। क्षेत्र के गांव हरसा दबड़ में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कार नहर में जा गिरी। चालक को चक्कर आने से कार अनियंत्रित हो गई थी। हालांकि एयरबैग खुलने से चालक बाल-बाल बच गया। उसे मामूली चोटें आई हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने चालक को संभाला और कार कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।
हादसा मंगलवार शाम चार बजे के करीब बिश्नाह के गांव हरसा दबड़ में हुआ। कार को राजेंद्र कुमार निवासी संजय नगर (जम्मू) चला रहा था। राजेंद्र ने बताया कि वह कार में बिश्नाह की तरफ आ रहा था। नहर के पास पहुंचते ही अचानक चक्कर आ गया, जिस वजह से कार अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी। गनीमत रही कि कार के एयर बैग खुलने से उसकी जान बच गई। इसके बाद इकट्ठे हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बिश्नाह पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। राजेंद्र को तुरंत नहर से बाहर निकाला गया। शाम तक कार को भी बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।