रामबन के रामसू में दुर्घटना का शिकार हुई कार व ट्रक
- फोटो : UDHAMPUR
रामबन। जिले में रामसू के मगरकोट इलाके के पास शनिवार तड़के एक ऑल्टो कार सड़क से लुढ़क कर खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जम्मू से श्रीनगर जाने वाले रास्ते में एक नई ऑल्टो कार बीडीओ कार्यालय मगरकोट के पास चालक से अनियंत्रित होकर सौ फीट गहरे बिसलेरी नाले के तटबंध पर जा गिरी। जिसके परिणामस्वरूप कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना मौके पर पहुंची, और शव को खाई से निकाल कर पीएचसी रामसू पहुंचाया।
पुलिस ने मृतक की पहचान ख्वाजाबाग बारामूला कश्मीर निवासी अकील अहमद शॉल पुत्र मोहम्मद सईद शॉल बताई है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
----
सेब लदा ट्रक पलटा, चालक घायल
एक अन्य हादसे में श्रीनगर से जम्मू जा रहा सेब लदा ट्रक मंकी मोड़ पर पलट गया। इसमें ट्रक चालक कादिर खान पुत्र इमरान खान निवासी गढ़ घरमीरपुर हरिद्वार घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है।
रामबन के रामसू में दुर्घटना का शिकार हुई कार व ट्रक- फोटो : UDHAMPUR