जम्मू। गंग्याल क्षेत्र में बुधवार की रात एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर खड़े तीन वाहनों को टक्कर मार दी। इससे बिश्नाह निवासी 60 वर्षीय रामपाल की मौत हो गई जबकि सहायक सब इंस्पेक्टर समेत व दो अन्य पुलिस कर्मियों सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक ही हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को देर रात तक जीएमसी जम्मू में उपचार दिया जा रहा था। घटनास्थल से फरार हो रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जाता है कि गंग्याल मुख्य मार्ग पर बुधवार की रात एक स्विहट कार ने सड़क पर खड़े टैंकर को टक्कर मार दी थी। इस घटना की जांच के लिए स्थानीय पुलिस का फ्लाइंग वाहन पहुंचा। इस दौरान पुलिसकर्मियों सहित अन्य लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे एक ट्रक ने वहां खड़ी स्विफ्ट, फ्लाइंग सहित एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी। इससे चीख पुकार मच गई। हादसे में कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर गए। कुछ देर के लिए किसी को समझ नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह से घायलों को अन्य वाहनों में डालकर जीएमसी पहुंचाया गया। इनकी पहचान सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मक्खन सिंह, कांस्टेबल कुमार, एएसआई कृष्ण, 35 वर्षीय अनिल, डिग्याना कैंप निवासी सुरेंद्र सिंह शामिल हैं। ट्रक से टक्कर मारने के बाद उसके चालक ने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन उसे दबोच लिया गया। घटनास्थल पर वाहनों का जाम लग गया था, जिसे खुलवाने में पुलिस को कड़ी कसरत करनी पड़ी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नरवाल में जेसीबी ने महिला को रौंदा
जम्मू। फ्रूट मंडी नरवाल के निकट तेजगति से आ रही एक जेसीबी ने मकान नंबर 662 दारू गली शहीदी चौक जम्मू निवासी मीना देवी को जोरदार टक्कर मार दी, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के शव को जीएमसी के शवगृह में शिफ्ट किया गया है। नरवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।