छुट्टियों के चलते धर्मनगरी में मां भगवती के दरबार में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। बाजार में भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। शारदीय नवरात्र के साथ ही तीन-चार छुट्टियां आने से शनिवार को यात्रा पर्ची कक्ष में लंबी कतार देखने को मिली।
यात्रा में बढ़ोतरी के चलते कसबे के कारोबारियों में खुशी की लहर है। शनिवार की सुबह से शाम तक बाण गंगा चकिंग बूथ व पंजीकरण कक्ष में लंबी कतार देखने को मिली। श्राइन बोर्ड द्वारा बायोमीट्रिक पर्ची के चलते हर यात्री के लिए काउंटर पर जाना अनिवार्य है।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 35 हजार के करीब यात्रियों ने माता के दर्शन के लिए अपना पंजीकरण करवाया था। शनिवार को दोपहर दो बजे तक 30 हजार यात्रियों पंजीकरण करवा चुके थे, हालांकि यात्रा पर्ची कक्ष बंद होने में अभी काफी समय शेष था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि माता वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दशहरे वाले दिन 50 हजार का आंकड़ा पार कर जाएगी।