खस्ताहाल सड़कों पर मौत का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किश्तवाड़ से डोडा की ओर आ रही अल्टो कार सुबह 5 बजे के करीब जैसे ही सुई ग्वाड़ी के निकट पहुंची, चालक का ध्यान हटने से कार 200 फुट गहरी खाई ने गिर गई।
सुई ग्वाड़ी में ही सेना का हेडक्वार्टर है। हादसे की खबर मिलते ही सेना के जवानों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सुई ग्वाड़ी में सेना के अस्पताल में 3 लोगों को पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
उसकी पहचान अरविन्द सिंह जंवाल (23) पुत्र भीम सिंह जंवाल निवासी गालू हलारन के रूप में हुई। वह पेशे से अध्यापक था और यूपीएस बिटोला कहरा में तैनात था। हादसे में घायल जतिंदर परिहार (60) पुत्र संतराम निवासी मत्ता किश्तवाड़ और अमित परिहार (25) पुत्र राजिंदर परिहार निवासी किश्तवाड़ का इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा है।