उधमपुर। ग्राम सेवक पर सतैनी पंचायत में चल रहे विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने सोमवार को डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी बीडीओ ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूरन डीसी के सामने परेशानी को रखना पड़ रहा है।
पूर्व सरपंच रेवत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोपहर करीब एक बजे डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान रेवत सिंह ने कहा कि पिछले कुछ महीने से ग्राम सेवक की गलत कार्य प्रणाली के कारण विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित हैं। ग्राम सेवक सरकार की तरफ से मंजूर विकास कार्यों की ग्रामीणों को सही तरह से जानकारी नहीं दे रहा है और अपनी मनमर्जी से कार्य करवा रहा है। बावलियों की मरम्मत, शौचालय का निर्माण व अन्य कई कार्य अपनी मर्जी से किए जा रहे हैं और इसके ग्रामीणों और पूर्व सरपंच को पूछा नहीं जा रहा है। इसके बारे में ग्रामीणों ने कई बार बीडीओ से भी शिकायत की, लेकिन बीडीओ ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेकर कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्राम सेवक की गलत कार्य प्रणाली के कारण सरकारी पैसा बर्बाद हो रहा है और इसलिए आज सभी अपनी परेशानी को डीसी के सामने रखने के लिए आए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम सेवक कोई भी विकास कार्य आरंभ करने से पहले ग्रामीणों के साथ विचार विमर्श करे। अगर ग्राम सेवक अपनी कार्यप्रणाली को नहीं सुधारता है तो प्रशासन उसके खिलाफ कार्रवाई करे।