किश्तवाड़। जिले में विजयदशमी मनाने की अनुमति न मिलने से स्थानीय लोगों में भारी निराशा है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कोरोना के चलते जिला प्रशासन ने दशहरा मनाने नहीं दिया।
हर वर्ष सनातन धर्म सभा और आदर्श ड्रामाटिक क्लब दशहरा मनाते हैं। लेकिन, दो वर्षों से कोरोना के कारण उन्हें जश्न मनाने की अनुमति नहीं मिल रही है। दशहरे पर क्लब भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकालता था। और सनातन धर्म सभा चौगान मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का पुतला दहन करता था। भारी संख्या में लोगों के आने की आशंका के चलते उपायुक्त ने कार्यक्रम मनाने नहीं दिया।
सभा के प्रधान हंस राज ने कहा कि जिला प्रशासन ने समारोह मनाने की अनुमति नहीं दी। इस पर स्थानीय हालांकि लोगों का कहना है कि दो माह से लगातार सियासी सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीण इलाकों में रामलीलाएं, खेल प्रतियोगिताएं, आदि का आयोजन हो रहा है। इनमें खुद उपायुक्त भी मौजूद रहते हैं। उनके लिए कोरोना कहां है?
वहीं, विजयदशमी पर आरएसएस ने स्थानीय भारतीय विद्या मंदिर परिसर में शस्त्र पूजन किया। पूर्ण गणवेश में सभी स्वयंसेवकों ने परिसर के अंदर एक रैली भी निकाली। कोरोना के चलते इस बार भी विजयदशमी का पर्व सोशल मीडिया तक ही सीमित रहा। इसी माध्यम से लोगों ने आपस में दशहरे की शुभकामनाएं दीं।